|
Posted on :
Thu February 18, 2010
संगठन विस्तार पर भाजपा में मतभेद
भाजपा संगठन में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण देने की तैयारी तो कर चुकी है लेकिन पदों की संख्या बढ़ाने को लेकर पार्टी के अंदर विवाद छिड़ गया है। प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए बुलाई गई बैठक में मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार और शिवराज सिंह चौहान जैसे कुछ नेताओं ने विरोध जताते हुए जंबो संगठन पर आपत्ति जताई। विवाद के कारण बुधवार को देर रात तक प्रस्ताव तय नहीं हो पाया।
भाजपा ने संगठन में हर स्तर पर 33 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति का फैसला किया है। मोटे तौर पर तय हुआ था कि इसी अनुपात में पदों की संख्या भी बढ़ेगी। यानी इसके बाद पार्टी में अध्यक्ष के अलावा 11 उपाध्यक्ष, नौ महासचिव और 25 सचिव होंगे। इस बाबत वीरवार को संविधान में संशोधन के लिए भाजपा परिषद में प्रस्ताव लाया जाना है। लेकिन बुधवार की शाम इस पर विवाद छिड़ गया। बताते हैं कि बैठक में जोशी समेत कटियार और शिवराज चौहान ने अपनी आपत्ति जता दी।
सूत्रों का कहना है कि उन्होंने जंबो संगठन का विरोध किया। उनका मानना था कि इससे कामकाज प्रभावित होगा। लिहाजा पदों की संख्या बढ़ाए बिना ही आरक्षण दिया जाना चाहिए।
Bhasha
|