|
Posted on :
Thu March 04, 2010
तसलीमा नसरीन के कार्य नाकाबिले-बर्दाश्त : उलेमा
देवबंद (सहारनपुर)। विवादास्पद बांग्ला लेखिका तसलीमा नसरीन के लेख के कारण कर्नाटक में हिंसा भड़कने पर यहां देवबंदी उलेमा ने तसलीमा नसरीन की कड़े शब्दों में निंदा की है। उलेमा ने भारत सरकार से तसलीमा नसरीन का वीजा तत्काल रद्द कर भारत में रहने की अनुमति न देने की मांग की। उलेमा ने कहा कि तसलीमा ने मुहम्मद साहब व इस्लाम धर्म की शान में गुस्ताखी कर करोड़ों मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसे बर्दाश्त नही किया जा सकता है।
दारुल उलूम वक्फ के नायब मोहतमिम मौलाना मुहम्मद सुफियान कासमी, दारुल उलूम वक्फ के वरिष्ठ उस्ताद मौलाना अहमद खिजर शाह मसूदी, उस्ताद मौलाना नसीम अख्तर शाह कैसर, मौलाना इब्राहिम कासमी आदि उलेमा ने कहा कि तसलीमा ने हमेशा मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया है जो नाकाबिले-बर्दाश्त है। उलेमा ने कहा कि तसलीमा के संबंध में सरकार द्वारा बिना वजह व गैरजरूरी दरियादिली दिखाये जाने से मुसलमानों की भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। ऐसे में भारत सरकार को तसलीमा नसरीन का वीजा अविलंब रद्द कर भारत में रहने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।
Bhasha
|